ग्राफिक इंडिया और सद्गुरु ने एनिमेशन फिल्म ‘शिव : द आदियोगी’ के लिए हाथ मिलाया
ग्राफिक इंडिया और सद्गुरु ने एनिमेशन फिल्म ‘शिव : द आदियोगी’ के लिए हाथ मिलाया
मुंबई, 10 अगस्त (भाषा) एनिमेशन स्टूडियो ‘ग्राफिक इंडिया’ ने भगवान शिव पर आधारित एनिमेशन फीचर फिल्म ‘शिव : द आदियोगी’ के निर्माण के लिए ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु से हाथ मिलाया है।
‘ग्राफिक इंडिया’ को पौराणिक कथाओं पर आधारित एनिमेशन वेब सीरीज ‘द लेजेंड ऑफ हनुमान’ के निर्माण के लिए जाना जाता है।
इस संबंध में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘शिव : द आदियोगी’ की कहानी सद्गुरु और ‘ग्राफिक इंडिया’ के सह-संस्थापक शरद देवराजन ने लिखी है।
विज्ञप्ति के अनुसार, यह फीचर फिल्म शिव को ‘आदियोगी’ यानी प्रथम योगी के रूप में पेश करेगी और उन परिस्थितियों को दिखाएगी, जिनके कारण उन्होंने अपना ज्ञान मानवता के साथ साझा किया।
विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘शिव : द आदियोगी’ प्रेम, विरह, क्रोध और आत्मबोध जैसे विषयों के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें सृष्टि के निर्माण से पहले के अंधकार से लेकर कैलाश के शिखर तक का सफर दर्शाया जाएगा।
भाषा पारुल नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


