राकांपा के विधानपरिषद सदस्य ने महाराष्ट्र में यूसीसी समिति को लेकर चिंता जतायी
राकांपा के विधानपरिषद सदस्य ने महाराष्ट्र में यूसीसी समिति को लेकर चिंता जतायी
मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता और महाराष्ट्र विधानपरिषद के सदस्य इदरीस नाइकवाड़ी ने राज्य सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का मसौदा तैयार करने के लिए बनाई गई समिति कमेटी की संरचना पर शुक्रवार को यह कहते हुए चिंता जताई कि इसमें अल्पसंख्यक समुदायों का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है।
विधानपरिषद सदस्य ने कहा कि वह पार्टी में अल्पसंख्यक समुदाय के विधायकों से बात करने के बाद राकांपा नेतृत्व के सामने यह मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने बृहस्पतिवार को विधानपरिषद में भी यह मुद्दा उठाने की कोशिश की थी।
उनकी पार्टी राकांपा केंद्र और महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी है। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार राकांपा की प्रमुख हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता लागू करने के वास्ते मसौदा तैयार करने के लिए बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय की सेवानिवृत न्यायाधीश रंजना देसाई की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति के गठन की घोषणा की।
उन्होंने विधानसभा में कहा कि उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश आर सी चव्हाण और एस जी मेहरे, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्य सचिव डी के जैन, पूर्व महाधिवक्ता वीरेंद्र सराफ, संवैधानिक मामलों के जानकार रमेश पतंगे और शिक्षाविद सुवर्णा रावल समिति के अन्य सदस्य हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायमूर्ति देसाई की अध्यक्षता वाली समिति से छह महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि नागपुर में विधानसभा के शीतकालीन सत्र में विधेयक पेश करने की कोशिश की जाएगी।
नाइकवाड़ी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘इस समिति में अल्पसंख्यक समुदाय का कोई प्रतिनिधि नहीं है। क्या अल्पसंख्यक समुदाय से समिति में शामिल होने के लिए कोई न्यायाधीश नहीं है? क्या यह जरूरी नहीं है कि यूसीसी समिति में अल्पसंख्यकों का प्रतिनिधित्व हो?’’
पश्चिमी महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक नेता नाइकवाड़ी को राज्यपाल ने विधानपरिषद के लिए तब मनोनीत किया, जब भाजपा के साथ गठबंधन करने वाली राकांपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था।
नाइकवाड़ी ने कहा, ‘‘पार्टी के भीतर अल्पसंख्यक विधायक आपस में इस पर चर्चा करेंगे और नेतृत्व के सामने यह मुद्दा उठाएंगे।’’
फिलहाल राकांपा के पास चार विधायक हैं। विधानसभा में सना मलिक और हसन मुशरिफ तथा विधान परिषद में नाइकवाड़ी तथा जीशान सिद्दिकी राकांपा के मुस्लिम प्रतिनिधि हैं।
भाषा राजकुमार नरेश रंजन
रंजन

Facebook


