राकांपा (शप) नेता विपक्ष की बैठक में अनुपस्थित रहे; शिवसेना (उबाठा) ने ‘संचार की कमी’ का हवाला दिया
राकांपा (शप) नेता विपक्ष की बैठक में अनुपस्थित रहे; शिवसेना (उबाठा) ने ‘संचार की कमी’ का हवाला दिया
मुंबई, 22 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) के नेता रविवार को महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र की पूर्व संध्या पर विपक्षी एकता को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से बुलाई गई महा विकास आघाडी (एमवीए) की बैठक में शामिल नहीं हुए। शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-उबाठा) ने इस घटनाक्रम के लिए ‘‘संचार की कमी’’ को जिम्मेदार ठहराया।
एमवीए में कांग्रेस, शिवसेना (उबाठा) और राकांपा (शप) शामिल हैं।
महाराष्ट्र विधानमंडल का बजट सत्र 23 फरवरी से 25 मार्च तक आयोजित होगा।
शिवसेना (उबाठा) के नेता भास्कर जाधव ने कहा कि उन्होंने राकांपा (शप) के वरिष्ठ नेताओं जयंत पाटिल, रोहित पवार और जितेंद्र आव्हाड से व्यक्तिगत तौर पर बैठक के बारे में बात की थी।
जाधव के मुताबिक, राकांपा (शप) नेताओं ने कहा था कि पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं के कारण उन्हें मुंबई पहुंचने में देरी होगी।
जाधव के अनुसार, राकांपा (शप) नेताओं ने सुझाव दिया था कि एमवीए बजट सत्र की रणनीति पर चर्चा के लिए बैठक के कार्यक्रम पर आगे बढ़े।
शिवसेना (उबाठा) नेता ने दावा किया कि उन्होंने इस मामले पर राकांपा (शप) की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले से भी बात की थी।
उन्होंने विपक्षी गठबंधन में के भीतर मतभेद की अटकलों को खारिज करने का प्रयास करते हुए कहा, ‘‘संचार में भी थोड़ी-सी कमी थी, लेकिन हम सब एक साथ हैं।’’
ठाणे जिले की मुंब्रा-कलवा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले आव्हाड ने कहा कि वह ठाणे महानगरपालिका से जुड़े कामों में व्यस्त हैं, जहां सोमवार को विपक्ष के नेता का चयन किया जाएगा।
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में राकांपा (शप) के 10 विधायक हैं। पार्टी प्रमुख शरद पवार (85) को स्वास्थ्य संबंधी शिकायत के बाद रविवार को पुणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पवार इस महीने दूसरी बार अस्पताल में भर्ती हुए हैं।
इस बीच, एमवीए आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए भी कमर कस रही है। शरद पवार और एमवीए के तीन अन्य सदस्यों सहित सात राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है, लेकिन विपक्ष अपनी कमजोर स्थिति के कारण संभावित रूप से केवल एक ही उम्मीदवार को जिता सकता है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले महायुति के पास 232 विधायक हैं, जबकि विपक्षी एमवीए के पास सदन में केवल 48 सदस्य हैं।
इससे पहले, शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने दावा किया था कि शरद पवार ने संसद के ऊपरी सदन के चुनाव के लिए फिर से नामांकित किए जाने की इच्छा जताई थी। हालांकि, उनकी पार्टी के सहयोगी आदित्य ठाकरे ने कहा था कि विधानसभा में संख्या बल के लिहाज से उनकी पार्टी एमवीए के घटक कांग्रेस और राकांपा (शप) की तुलना में राज्यसभा की एकमात्र सीट पर दावा करने के लिए ज्यादा उपयुक्त है।
इस बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों में से छह पर जीत हासिल करेगा।
राकांपा (शप) के शरद पवार और फौजिया खान, शिवसेना (उबाठा) की प्रियंका चतुर्वेदी, आरपीआई (आठवले) के रामदास आठवले, भाजपा के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और राकांपा के धैर्यशील पाटिल की राज्यसभा सदस्यता अप्रैल में समाप्त होने वाली है।
भाषा पारुल नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


