पुणे, 29 मई (भाषा) राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के 150वें कोर्स का दीक्षांत समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी किरण बेदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं।
बेदी ने कैडेट्स का आह्वान किया कि वे “विद्वान लड़ाकों” के रूप में उभरें, जो तेजी से बदलते और जटिल वैश्विक सुरक्षा परिवेश में नेतृत्व करने में सक्षम हों।
एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पाठ्यक्रम पूरा करने वाले 353 कैडेट की पासिंग आउट परेड शनिवार को आयोजित की जाएगी।
पुणे के खड़कवासला स्थित हबीबुल्लाह हॉल में आयोजित दीक्षांत समारोह में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) द्वारा 236 कैडेट को स्नातक की उपाधि प्रदान की गई। स्नातक होने वाले कैडेट में विज्ञान संबंधी विषयों से 65, कंप्यूटर विज्ञान संबंधी विषयों से 112 और कला संबंधी विषयों से 59 कैडेट शामिल थे। इसके अलावा, मित्र देशों के 21 कैडेट को भी उपाधि प्रदान की गई।
पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी ने दीक्षांत भाषण देते हुए कैडेट को देश के सबसे कठिन सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों में से एक को सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने कैडेट से आग्रह किया कि वे तेजी से बदलते और जटिल वैश्विक सुरक्षा वातावरण में नेतृत्व करने में सक्षम ‘विद्वान योद्धा’ बनकर उभरें।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि शैक्षणिक रिपोर्ट एनडीए के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. विनय दीप द्वारा प्रस्तुत की गई।
भाषा अमित रंजन
रंजन