नीट मामला: पुणे की अकादमी ने आरोपी हवलदार और कनिष्ठ शिक्षक की बातचीत से पल्ला झाड़ा

नीट मामला: पुणे की अकादमी ने आरोपी हवलदार और कनिष्ठ शिक्षक की बातचीत से पल्ला झाड़ा

नीट मामला: पुणे की अकादमी ने आरोपी हवलदार और कनिष्ठ शिक्षक की बातचीत से पल्ला झाड़ा
Modified Date: May 28, 2026 / 12:58 am IST
Published Date: May 28, 2026 12:58 am IST

पुणे, 27 मई (भाषा) महाराष्ट्र में पुणे के एक कोचिंग सेंटर के निदेशक ने बुधवार को दावा किया कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जिस भौतिक विज्ञान के शिक्षक तेजस शाह को गिरफ्तार किया है, उन्होंने कुछ विषयों पर स्पष्टीकरण मांगने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर आरोपी वरिष्ठ शिक्षक मनीषा हवलदार से संपर्क किया था।

सीबीआई ने मंगलवार को ‘डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी’ (एपीएमए) के भौतिक विज्ञान शिक्षक शाह को गिरफ्तार किया था।

जांच एजेंसी के मुताबिक, शाह को कथित तौर पर गिरफ्तार हो चुकीं हवलदार से भौतिक विज्ञान के लीक हुए प्रश्न मिले थे।

अकादमी के निदेशकों में से एक प्राध्यापक सचिन हलदवनेकर ने संवाददाताओं से कहा, ‘तेजस शाह संस्थान में भौतिक विज्ञान के एक कनिष्ठ शिक्षक हैं। उन्होंने भौतिक विज्ञान के कुछ विषयों पर स्पष्टीकरण मांगने के लिए व्यक्तिगत रूप से वरिष्ठ शिक्षक हवलदार से संपर्क किया था। उन्होंने यह भी पूछा था कि क्या कुछ अध्याय नीट के पाठ्यक्रम का हिस्सा थे या नहीं।’

शाह द्वारा हवलदार को कथित तौर पर 20,000 रुपये का भुगतान किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह ‘विशेषज्ञ की सलाह लेने के लिए परामर्श शुल्क’ के रूप में था। उन्होंने सवाल किया, ‘सिर्फ 20,000 रुपये में प्रश्न कैसे बेचे जा सकते हैं?’

हलदवनेकर ने कहा कि सीबीआई ने कुछ चैट के आधार पर शाह को गिरफ्तार किया होगा।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में