नीट प्रश्नपत्र लीक: सीबीआई ने नागपुर में दो छात्रों के घरों पर छापेमारी की
नीट प्रश्नपत्र लीक: सीबीआई ने नागपुर में दो छात्रों के घरों पर छापेमारी की
नागपुर, 19 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच के तहत नागपुर में दो छात्रों के घरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को सेंट्रल एवेन्यू और इतवारी इलाके में स्थित उनके घरों की तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, हाथ से लिखे नोट्स और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, ये दोनों छात्र इस साल नीट परीक्षा में शामिल हुए थे।
सीबीआई को शक है कि इन छात्रों को पुणे से संचालित एक नेटवर्क के जरिए लीक हुआ प्रश्नपत्र मिला था। सूत्रों के मुताबिक, हर अभ्यर्थी से करीब 15 लाख रुपये लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया था।
जांच एजेंसी का मानना है कि इस गिरोह से छात्रों का संपर्क पुणे की ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे के जरिए हुआ, जिसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
एजेंसी के अनुसार वह छात्रों और अभिभावकों को पेपर लीक गिरोह के सदस्यों से मिलवाने का काम करती थी।
बाद में छात्रों का संपर्क रसायन शास्त्र के शिक्षक पी. वी. कुलकर्णी से हुआ, जिन्हें मामले के मुख्य आरोपियों में माना जा रहा है और पुणे से गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांचकर्ताओं को शक है कि चुनिंदा छात्रों को परीक्षा से पहले पुणे बुलाया गया, जहां कथित तौर पर प्रश्नपत्र और उनके उत्तर साझा किए गए।
सीबीआई अब कॉल रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल सबूतों की पड़ताल कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल छात्रों को गिरफ्तार नहीं किया गया है, क्योंकि जांच अभी जारी है।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 परीक्षा तीन मई को भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। सात मई की शाम कथित गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। इस परीक्षा के लिए करीब 23 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।
परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


