मुंबई में निर्माणाधीन मेट्रो लाइन का स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत, तीन अन्य घायल
मुंबई में निर्माणाधीन मेट्रो लाइन का स्लैब गिरने से एक व्यक्ति की मौत, तीन अन्य घायल
मुंबई, 14 फरवरी (भाषा) मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार दोपहर निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन-चार के पुल का स्लैब कुछ वाहनों पर गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोपहर बाद एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्टरी के पास गर्डर पुल की पैरापेट दीवार का एक स्लैब एक ऑटो रिक्शा और स्कोडा कार पर गिर गया, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दमकल विभाग के अधिकारी ने मृतक की पहचान रामधन यादव और घायलों की पहचान राजकुमार इंद्रजीत यादव (45), महेंद्र प्रताप यादव (52) और दीपा रुहिया (40) के रूप में की।
अधिकारियों ने बताया कि राजकुमार की हालत गंभीर है और उसे पास के अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है, जबकि महेंद्र व दीपा की स्थिति स्थिर बताई गई है।
मुंबई महानगर क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण ने बताया कि दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर ‘पियर-196’ के पास, मुलुंड दमकल केंद्र के नजदीक दीवार का एक हिस्सा वहां से गुजर रहे ऑटो रिक्शा पर गिर गया।
मेट्रो परियोजना की टीम बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ मिलकर राहत कार्यों में जुटी है। इस हिस्से के ढहने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
दक्षिण-मध्य मुंबई के वडाला से पड़ोसी जिले ठाणे तक लाइन-चार का निर्माण किया जा रहा है और इसका बड़ा हिस्सा घाटकोपर, विक्रोली, भांडुप और मुलुंड जैसे क्षेत्रों को जोड़ने वाले एलबीएस रोड के ऊपर से गुजरता है।
राज्य सरकार पर हमला करते हुए, शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि पिछले साल भारी बारिश के दौरान एक दीवार गिर गई थी और नव-उद्घाटित मेट्रो लाइन 3 में पानी भर गया था।
उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार (आज की घटना के लिए) ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करेगी?
ठाकरे ने कहा, “संभावना नहीं है – शायद कुछ लाख का जुर्माना लगाकर ठेकेदार को और निविदाएं प्राप्त करने की अनुमति दे दी जाए।”
उन्होंने आगे कहा, ‘अगर आप ध्यान दें, तो काम पूरा होने से पहले ही खंभों पर रंग किया जा चुका है। इससे राज्य को करोड़ों का नुकसान होगा और काम पूरा होने के बाद उन्हें फिर से रंगने में करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ेंगे।’
कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ ने राज्य सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि क्या मुंबईवासियों की जान इतनी सस्ती हो गई है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि अधिकारी जन सुरक्षा के बजाय बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के प्रचार पर अधिक ध्यान दे रहे हैं।
लोकसभा सदस्य ने जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की और घटनास्थल पर सुरक्षा उपायों में कथित चूक पर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि मेट्रो निर्माण कार्य को जल्दी पूरा करने की होड़ में गुणवत्ता और तकनीकी सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं होना चाहिए।
गायकवाड़ ने कहा, “विकास जरूरी है, लेकिन यह नागरिकों के जीवन की कीमत पर नहीं होना चाहिए।’’
भाषा खारी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


