फडणवीस सरकार के जलपान कार्यक्रम का बहिष्कार करेगा विपक्ष, इसकी वजह भारत-अमेरिका व्यापार सौदा: जाधव

Ads

फडणवीस सरकार के जलपान कार्यक्रम का बहिष्कार करेगा विपक्ष, इसकी वजह भारत-अमेरिका व्यापार सौदा: जाधव

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 05:35 PM IST

मुंबई, 22 फरवरी (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के वरिष्ठ नेता भास्कर जाधव ने कहा कि विपक्ष महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र की पूर्व संध्या पर रविवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा अयोजित पारंपरिक जलपान कार्यक्रम का बहिष्कार करेगा।

जाधव ने बताया कि फडणवीस ने स्वयं वरिष्ठ सदस्यों को इस कार्यक्रम के लिए पत्र लिखकर आमंत्रित किया है, जो प्रत्येक सत्र से पहले की एक परंपरा है।

उन्होंने कहा, ‘‘सत्तारूढ़ दल अहंकारी है और विपक्ष के प्रति सम्मान नहीं दिखाता। जब सम्मान, शिष्टता और संविधान के प्रति आदर नहीं है, तो हमने जलपान कार्यक्रम के निमंत्रण को अस्वीकार करने का निर्णय लिया है।’’

जाधव ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की भी आलोचना की और दावा किया कि इससे राज्य के कपास उत्पादकों और मछुआरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि फडणवीस सरकार ने केंद्र सरकार के फैसले पर कोई खेद व्यक्त नहीं किया, इसलिए बहिष्कार का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत पर महाराष्ट्र सरकार के ‘‘अस्पष्ट रुख’’ के कारण भी विपक्ष ने निमंत्रण ठुकराया है।

जाधव ने ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन’ योजना के क्रियान्वयन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि 2024 विधानसभा चुनाव से पहले बिना सत्यापन के महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये दिए गए और बाद में 50 लाख से अधिक महिलाओं को मामूली आधार पर अपात्र घोषित कर दिया गया। अब कई महिलाओं को ‘ई-केवाईसी’ पूरा न करने के कारण भत्ता नहीं मिलेगा।

कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि यवतमाल में 22 किसानों और मराठवाड़ा में 76 किसानों ने आत्महत्या की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने इस संबंध में कुछ नहीं किया।

उन्होंने दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर हुए समझौता ज्ञापनों को लेकर भी राज्य सरकार की आलोचना की और कहा कि इनमें से कई कंपनियां महाराष्ट्र में ही स्थित हैं और कुछ के पास पर्याप्त पूंजी नहीं है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मामले पर श्वेत पत्र लाने की मांग करेगा।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि नागपुर के पास लगभग 600 एकड़ जमीन, जिसे आरक्षित वन भूमि के रूप में वर्गीकृत किया गया है, अदाणी समूह को एक लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से पट्टे पर दी गई है और आरोप लगाया कि सरकार ने ताडोबा अंधारी बाघ अभयारण्य के निकट एक खनन परियोजना को भी अनुमति दी है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र में 1,57,000 महिलाएं और लड़कियां लापता हैं।

विधान परिषद में कांग्रेस के नेता सतेज पाटिल ने कहा कि राज्य में लगभग 70 लाख युवाओं ने खुद को बेरोजगार के रूप में पंजीकृत किया है और 1.02 लाख करोड़ रुपये की शक्तिपीठ महामार्ग परियोजना अनावश्यक है।

पाटिल ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सहमति के बिना मंत्रालय में मंत्री नरहरि जिरवाल के कार्यालय पर छापा नहीं मारा जा सकता था।

भाषा गोला संतोष

संतोष