पालघर : किसान से बंदरगाह परियोजना की मुआवजा राशि से 50 लाख रुपये की ठगी, तीन लोगों पर मामला दर्ज

Ads

पालघर : किसान से बंदरगाह परियोजना की मुआवजा राशि से 50 लाख रुपये की ठगी, तीन लोगों पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 03:38 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 03:38 PM IST

पालघर, 28 मई (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने पालघर जिले में वधावन बंदरगाह परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के बदले एक आदिवासी किसान को मिली मुआवजा राशि में से 50.27 लाख रुपये की धोखाधड़ी से निकासी करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) यतीश देशमुख ने बताया कि दहानू तालुका निवासी किरण पांडु पालावा की कृषि भूमि को पालघर में वधावन समूह के बंदरगाह के निर्माण के लिए अधिग्रहित कर लिया गया था और मुआवजे के तौर पर 2,91,89,126 रुपये की राशि उसके बैंक खाते में अंतरित कर दी गई थी।

देशमुख के मुताबिक, पीड़ित के अशिक्षित होने का फायदा उठाकर तीन लोगों ने उसे सरकारी मुआवजा जल्द दिलाने में मदद करने के बहाने बोइसर स्थित एक निजी बैंक शाखा में बुलाया।

देशमुख ने बताया कि बैंक में प्रवेश करने के बाद आरोपियों ने धोखाधड़ी से पीड़ित के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान कई दस्तावेजों और एक डिजिटल मशीन पर हासिल कर लिए।

उन्होंने बताया कि पीड़ित के बैंकिंग विवरण से अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जोड़कर आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज बनाए और उसकी जानकारी के बिना उसके खाते से 50,27,760 रुपये निकाल लिए।

देशमुख के अनुसार, धोखाधड़ी का पता चलने पर किसान ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर बुधवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

भाषा शुभम पारुल

पारुल