पालघर, 16 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक महिला के जन्मदिन पर मंगाए गए केक को खाने से सात बच्चों सहित कम से कम 11 लोगों को कथित तौर पर खाद्य विषाक्तता के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि इस केक में कथित तौर पर एक मरी हुई छिपकली मिली थी।
एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने नालासोपारा स्थित ‘चामुंडा बेकरी’ के खिलाफ जांच शुरू कर दी है, जहां से शनिवार को जन्मदिन के लिए केक मंगवाया गया था।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना नालासोपारा पूर्व के टाकीपाड़ा इलाके की एक इमारत में हुई।
उन्होंने बताया कि जन्मदिन का केक खाने के कुछ ही देर बाद 11 लोगों ने छाती में जलन, पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। इन पीड़ितों में चार महिलाएं और ढाई साल के एक बच्चे सहित सात बच्चे शामिल हैं।
अधिकारी ने कहा कि मेहमानों ने परोसने वाली प्लेट पर एक मरी हुई छिपकली देखी, जिससे वहां तुरंत हड़कंप मच गया। इसके बाद पीड़ितों को आपात चिकित्सा देखभाल के लिए तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘बच्चों ने दावा किया कि उन्हें केक के अंदर एक मरी हुई छिपकली मिली। खाद्य विषाक्तता का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।’
उन्होंने बताया कि केक के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
अधिकारी ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों ने एफडीए और वसई-विरार के महापौर राजीव पाटिल के साथ मिलकर ‘चामुंडा बेकरी’ का निरीक्षण किया।
अधिकारी ने बताया कि मामले में कार्रवाई एफडीए की जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश