प्रधान का इस्तीफा अंत नहीं, छात्रों को न्याय मिलने तक जारी रहेगी लड़ाई: कांग्रेस
प्रधान का इस्तीफा अंत नहीं, छात्रों को न्याय मिलने तक जारी रहेगी लड़ाई: कांग्रेस
मुंबई, 26 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की मुंबई इकाई ने रविवार को कहा कि कथित नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ‘अंत नहीं’ है और छात्रों को न्याय मिलने तक उसका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रधान के इस्तीफे का जश्न मनाने के लिए चांदीवली इलाके में आयोजित ‘तिरंगा’ मार्च को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीम खान ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में कथित अनियमितताओं की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों की न्याय की लड़ाई में केवल पहला कदम है। यह अंत नहीं है। न्याय तभी मिलेगा, जब उच्चतम न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच होगी और हर दोषी को सजा मिलेगी।’
खान ने मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में प्रदर्शनों के दौरान छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों को तत्काल वापस लेने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को छात्रों के साथ हुए कथित अन्याय को लेकर देशभर के विद्यार्थियों से माफी मांगनी चाहिए।
इस मार्च का नेतृत्व खान और महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने किया। मार्च बैल बाजार नगरपालिका विद्यालय से शुरू हुआ और साकीनाका मेट्रो स्टेशन पर समाप्त हुआ, जहां प्रतिभागियों ने राष्ट्रगान गाया और चॉकलेट बांटी।
खान ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों के अधिकारों का मुद्दा लगातार उठाया है और पार्टी तब तक अपना आंदोलन तेज करेगी, जब तक सभी जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं हो जाती।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


