पुणे, दो सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में जमीन बेचने से नाराज दो भाइयों ने कथित तौर पर अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ मारपीट की। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना 30 अगस्त की शाम इंदापुर तहसील के तरंगवाड़ी गांव में हुई।
इंदापुर निवासी 65 वर्षीय किसान तुकाराम राउत की शिकायत के अनुसार, वह और उनकी बीमार पत्नी टहलने के लिए निकले थे, तभी उनके दोनों बेटे कार से वहां पहुंचे। दोनों बेटे अपने परिवार के साथ इंदापुर के मालवाड़ी इलाके में अलग रहते हैं।
शिकायत में कहा गया है कि दोनों बेटों ने अपनी मां अंजना के नाम पर मौजूद जमीन बेचने को लेकर सवाल-जवाब किया और इसके बाद डंडे से दंपति की कथित तौर पर पिटाई की।
पुलिस के मुताबिक, हमले में तुकाराम राउत की पीठ, चेहरे, जांघ और कंधे पर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी के हाथ की कलाई और कमर में चोट लगी।
आरोप है कि दोनों बेटों ने दंपति के साथ गाली-गलौज भी की और धमकी दी कि अगर जमीन का सौदा रद्द नहीं किया गया तो वे उन्हें जान से मार देंगे।
एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर जुटे स्थानीय लोगों की सूचना के बाद दंपति को इलाज के लिए इंदापुर उप-जिला अस्पताल ले जाया गया।
इंदापुर थाने में दोनों बेटों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा