सावरकर ने मुसलमानों से नफरत नहीं की, लेकिन राहुल गांधी ने उन्हें बेहद घृणा करने वाला बताया: प्रपौत्र

Ads

सावरकर ने मुसलमानों से नफरत नहीं की, लेकिन राहुल गांधी ने उन्हें बेहद घृणा करने वाला बताया: प्रपौत्र

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 12:35 AM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 12:35 AM IST

पुणे, एक सितंबर (भाषा) हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर के प्रपौत्र सात्यकि सावरकर ने मंगलवार को यहां एक विशेष अदालत में कहा कि उनके परदादा ने ‘‘कभी मुसलमानों से नफरत नहीं की’’ और उनके लेखन में मुसलमानों की प्रगति के रास्ते बताए गए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऐसे बयान दिए, जिनमें सावरकर को ‘‘मुसलमानों से बेहद नफरत करने वाले व्यक्ति’’ के रूप में पेश किया गया।

सात्यकि ने यह बयान लंदन में दिए गए कथित बयानों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 2023 में दर्ज मानहानि मामले में अधिवक्ता मिलिंद पवार द्वारा की गई जिरह के दौरान दिया।

जिरह के दौरान अधिवक्ता पवार ने सात्यकि सावरकर से राहुल गांधी के कथित भाषण के उन सटीक शब्दों को बताने को कहा, जिनसे ‘‘स्वातंत्र्यवीर सावरकर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।’’

सात्यकि सावरकर ने राहुल गांधी का यह बयान दोहराया, ‘‘सावरकर ने एक किताब में लिखा था कि उन्होंने और उनके पांच-छह दोस्तों ने एक मुस्लिम युवक की पिटाई की थी और उन्हें ऐसा करने में खुशी मिली थी।’’

सात्यकि सावरकर ने कहा, ‘‘इन शब्दों के जरिए सावरकर को मुसलमानों से बेहद नफरत करने वाले व्यक्ति के रूप में पेश किया गया। सावरकर ने कभी मुसलमानों से नफरत नहीं की। बल्कि अपने लेखन में उन्होंने उनकी प्रगति के रास्ते और साधन बताए।’’

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश