फाइव-स्टार होटल में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर एफएसएसएआई सख्त, अनुपालन के निर्देश दिए

Ads

फाइव-स्टार होटल में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर एफएसएसएआई सख्त, अनुपालन के निर्देश दिए

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 05:00 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 05:00 PM IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई ने देश के प्रमुख फाइव-स्टार होटलों को खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और स्वच्छता के मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रजित पुन्हानी ने मंगलवार को प्रमुख होटल कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

यह निर्देश दिल्ली के एयरोसिटी स्थित दो प्रमुख फाइव-स्टार होटल- ‘जे डब्ल्यू मैरियट’ और ‘अंदाज’ को हाल में एफएसएसएआई की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद आया है।

बैठक में नियामकीय अनुपालन, स्वच्छता मानकों, रसोई में सुरक्षा इंतजाम और खाद्य सुरक्षा की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई।

सूत्रों के मुताबिक, एफएसएसएआई ने होटल कंपनियों को बताया कि उपभोक्ताओं के लिए सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करने के प्रयासों के तहत फाइव-स्टार होटल में निरीक्षण बढ़ा दिए गए हैं।

बैठक में प्रमुख होटल संचालकों ने कहा कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने अपने मौजूदा अनुपालन ढांचे में हुई प्रगति की जानकारी भी दी।

एफएसएसएआई ने 26 अगस्त को जे डब्ल्यू मैरियट और अंदाज दिल्ली होटल को निरीक्षण के बाद नोटिस जारी किए थे। निरीक्षण में कॉकरोच का प्रकोप, समय-सीमा पार कर चुके खाद्य पदार्थ, खराब स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण सहित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां पाई गई थीं।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय