राहुल गांधी संविधान की ताकत में भरोसा नहीं करते : फडणवीस

राहुल गांधी संविधान की ताकत में भरोसा नहीं करते : फडणवीस

राहुल गांधी संविधान की ताकत में भरोसा नहीं करते : फडणवीस
Modified Date: October 3, 2025 / 06:34 pm IST
Published Date: October 3, 2025 6:34 pm IST

मुंबई, तीन अक्टूबर (भाषा)महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कोलंबिया में एक बातचीत के दौरान लोकतंत्र पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए शुक्रवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की दादी इंदिरा गांधी ने भारत में निरंकुशता लाने की कोशिश की थी।

फडणवीस ने मुंबई में ‘साइबर जागरूकता माह’ कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी भारत के संविधान की ताकत में विश्वास नहीं करते। ऐसा इसलिए है क्योंकि उन्हें भारत का इतिहास नहीं पता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी (राहुल की) दादी इंदिरा गांधी ने संविधान में बदलाव करके देश में निरंकुशता लाने की कोशिश की, लेकिन भारतीयों ने उन्हें नकार दिया।’’

फडणवीस ने कहा, ‘‘यह डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा भारतीयों को दिया गया संविधान है। किसी में भी इसे कमजोर करने की शक्ति नहीं है।’’ उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ‘‘लगातार झूठ बोलते’’ हैं।

कोलंबिया के मेडेलिन स्थित ईआईए विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा था कि चीन की तुलना में भारत की प्रणाली कहीं अधिक जटिल है और भारत की ताकत पड़ोसी देश से काफी अलग है।

विपक्ष के नेता ने कहा था,‘‘मैं भारत को लेकर बहुत आशावादी हूं, लेकिन साथ ही, भारतीय ढांचे में कुछ कमियां भी हैं, कुछ जोखिम भी हैं जिनसे भारत को पार पाना होगा। सबसे बड़ा जोखिम भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वर्तमान में, भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर व्यापक हमला हो रहा है, इसलिए यह एक जोखिम है। दूसरा बड़ा जोखिम है विभिन्न विचारधाराएं — विभिन्न धर्म, विभिन्न भाषाएं। इन विभिन्न परंपराओं को फलने-फूलने देना, उन्हें खुद को व्यक्त करने के लिए स्थान देना भारत जैसे देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम वह नहीं कर सकते जो चीन करता है, यानी लोगों का दमन करना और एक अधिनायकवादी व्यवस्था चलाना।’’

फडणवीस ने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमले के लिए शिवसेना(उबाठा)नेता उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा।

शिवसेना(उबाठा) अध्यक्ष ठाकरे ने मुंबई में आयोजित पार्टी की दशहरा रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की तुलना ‘एकल-कोशिका वाले जीव अमीबा’ से की थी।

इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने ठाकरे को ‘निराश नेता’ करार दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘कल उन्होंने जो भी टिप्पणी की, उससे वास्तव में मेरे 1,000 रुपये बच गए। मैंने कहा था कि अगर वह विकास के बारे में एक भी शब्द बोलेंगे तो मैं 1,000 रुपये खर्च करूंगा। उन्होंने रैली में विकास पर एक भी शब्द नहीं बोला।’’

भाषा धीरज नरेश

नरेश


लेखक के बारे में