राहुल गांधी ने आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता से बात की
राहुल गांधी ने आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता से बात की
मुंबई, 24 सितंबर (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आईआईटी मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता से बात की और न्याय पाने की लड़ाई में हरसंभव मदद का भरोसा दिया। पार्टी सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जब रवींद्र और सोनाली वाकोडे वाशिम ज़िले से मुंबई जा रहे थे, तब गांधी ने उन्हें वीडियो कॉल की।
उन्होंने कहा कि लगभग 17 मिनट की बातचीत में गांधी ने साहिल के माता-पिता को भरोसा दिया कि वह उनके साथ हैं और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जब गांधी ने वीडियो कॉल की, तो भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख शिवराज मोरे साहिल के माता-पिता के साथ थे।
साहिल के माता-पिता ने घोषणा की है कि वे बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11 बजे से आईआईटी मुंबई के गेट के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा साहिल की मौत की जांच कर रही है, जो 18 सितंबर की शाम अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था। इससे कुछ घंटे पहले ही उसे ‘मिड-सेमेस्टर’ परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन से चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था।
जातिगत भेदभाव के कारण आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप वाली प्राथमिकी में नामजद संकाय सदस्य सूर्यनारायण डूला को मामले की जांच के क्रम में छुट्टी पर भेज दिया गया है।
बुधवार को कुछ टीवी चैनलों ने परीक्षा हॉल की सीसीटीवी फुटेज प्रसारित की। फुटेज में एक प्रोफ़ेसर उसके पास आते, और उसे हॉल से बाहर ले जाते दिखते हैं, क्योंकि कथित तौर पर उसे नकल करते हुए पकड़ा गया था।
भाषा नेत्रपाल संतोष
संतोष

Facebook


