मुंबई, उपनगरों में बारिश से कुछ इलाकों में जलजमाव, यातायात बाधित
मुंबई, उपनगरों में बारिश से कुछ इलाकों में जलजमाव, यातायात बाधित
मुंबई, 31 मई (भाषा) मुंबई और उपनगरों में रविवार सुबह मानसून-पूर्व व्यापक बारिश हुई जिससे पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली।
मुंबई, इसके पश्चिमी उपनगर और पूर्वी उपनगर समेत कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। पड़ोसी नवी मुंबई के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हुई।
दादर, माटुंगा, खार, चेंबूर, मानखुर्द, कुर्ला, सांताक्रूज, विले पार्ले, अंधेरी और वर्सोवा उपनगरों में बीते कुछ घंटों की अवधि में भारी बारिश हुई।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी उपनगरों में सुबह छह बजे से सुबह नौ बजे के बीच औसतन पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, उसके बाद पश्चिमी उपनगरों में दो मिलीमीटर बारिश हुई और इस अवधि के दौरान मुंबई में 0.61 मिलीमीटर बारिश हुई।
अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक वर्षा चेंबूर स्थित कलेक्टर्स कॉलोनी में 27 मिलीमीटर दर्ज की गई, इसके बाद वैभव नगर और मानखुर्द अग्निशमन केंद्र में 22 मिलीमीटर वर्षा हुई।
पश्चिमी उपनगरों में, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) अग्निशमन केंद्र में सबसे अधिक वर्षा 22 मिलीमीटर दर्ज की गई, इसके बाद सांताक्रूज़ में 17 मिलीमीटर और गजधर बांध जल पंपिंग केंद्र में 12 मिलीमीटर वर्षा हुई।
नगर निगम के अधिकारियों ने दावा किया कि कई इलाकों में भारी बारिश के बावजूद मुंबई में जलजमाव की कोई सूचना नहीं मिली।
बारिश और एक दुर्घटना के कारण सायन-पनवेल राजमार्ग के वाशी की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी यातायात जाम लग गया।
अचानक हुई भारी वर्षा से बचने के लिए कई दोपहिया वाहन चालक फ्लाईओवर, स्काईवॉक और दुकानों के शेड के नीचे शरण लेते दिखे।
तत्काल किसी बड़ी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली, जबकि नगर निगम के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
उपनगरीय रेल सेवाएं अप्रभावित रहीं हालांकि कुछ ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि रेल नेटवर्क पर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
भाषा सुरभि प्रशांत
प्रशांत

Facebook


