मुंबई में लगातार दूसरे दिन बारिश, ठंडी हवाओं से लोगों को राहत

मुंबई में लगातार दूसरे दिन बारिश, ठंडी हवाओं से लोगों को राहत

मुंबई में लगातार दूसरे दिन बारिश, ठंडी हवाओं से लोगों को राहत
Modified Date: June 22, 2026 / 09:26 am IST
Published Date: June 22, 2026 9:26 am IST

मुंबई, 22 जून (भाषा) मुंबई के कई इलाकों में सोमवार सुबह गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हुई। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

शहर के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन बारिश हुई, जिससे गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिली। घने बादलों और ठंडी हवाओं ने पूरे महानगर की सुबह को सुहावना और खुशनुमा बना दिया।

दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर 10 जून के आसपास मुंबई पहुंच जाता है लेकिन इस वर्ष इसके आगमन में देरी हुई है। इस महीने की शुरुआत में मानसून दक्षिण कोंकण तक पहुंच गया था, लेकिन प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण मानसून आगे नहीं बढ़ा।

अधिकारियों के अनुसार सोमवार सुबह शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई जिससे कई स्थानों पर दृश्यता कम हो गई और यातायात प्रभावित हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान किसी बड़े जलभराव या बारिश से जुड़ी अन्य किसी घटना की सूचना नहीं है। सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सुबह छह बजे से सात बजे के बीच औसतन 17 मिमी बारिश हुई। पश्चिमी उपनगरों में 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पूर्वी उपनगरों में इस अवधि के दौरान ऐसी कोई बारिश नहीं हुइ जिसे मापा जाए।

मुंबई के वरली नाका स्थित सावित्रीबाई फुले बीएमसी स्कूल में एक घंटे में सबसे अधिक 61 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद जी-दक्षिण वार्ड (प्रभादेवी) में 58 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वरली स्थित आदर्श नगर स्कूल और मालाबार हिल में 44-44 मिमी बारिश हुई, जबकि वरली फायर स्टेशन में 42 मिमी और एफ-दक्षिण वार्ड (परेल) में 41 मिमी बारिश हुई।

भाषा शोभना वैभव

वैभव


लेखक के बारे में