तटरक्षक बल और महाराष्ट्र सरकार के बीच समझौता, रत्नागिरी एयर स्टेशन से शुरू होंगी नागरिक उड़ानें
तटरक्षक बल और महाराष्ट्र सरकार के बीच समझौता, रत्नागिरी एयर स्टेशन से शुरू होंगी नागरिक उड़ानें
मुंबई, छह जुलाई (भाषा) रत्नागिरी में हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए महाराष्ट्र सरकार और तटरक्षक बल ने रत्नागिरी में स्थित तटरक्षक एयर स्टेशन का उपयोग नागरिक उड़ानों के संचालन के लिए करने संबंधी एक समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर किए।
तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा कि रत्नागिरी स्थित भारतीय तटरक्षक बल एयर स्टेशन और महाराष्ट्र विमानतल विकास कंपनी (एमएडीसी) ने ‘उड़े देश का आम नागरिक’ (उड़ान) क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत रत्नागिरी से नियमित नागरिक उड़ानों के संचालन को सुविधाजनक बनाने के लिए पांच जुलाई को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
बयान के अनुसार, यह समझौता ऐसा सुदृढ़ ढांचा उपलब्ध कराता है, जिसके तहत व्यावसायिक उड़ानों का संचालन सैन्य विमानन नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए किया जाएगा। साथ ही, इससे रणनीतिक रक्षा प्राथमिकताओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
करीब 1.8 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी नागरिक विमानों के संचालन के लिए उपयोग में लाई जाएगी। वहीं, नागरिक टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में है और इसके जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
इस एमओयू पर रत्नागिरी स्थित भारतीय तटरक्षक बल एयर स्टेशन के कमांडिंग ऑफिसर डीआईजी कुणाल सी. नाइक और एमएडीसी के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने हस्ताक्षर किए।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि

Facebook


