मंत्री पद नहीं पाने वाले शिवसेना (उबाठा) के बागी सांसदों को मिलेंगे अतिरिक्त 25 करोड़ रुपये: राउत
मंत्री पद नहीं पाने वाले शिवसेना (उबाठा) के बागी सांसदों को मिलेंगे अतिरिक्त 25 करोड़ रुपये: राउत
मुंबई, 19 जून (भाषा) शिवसेना(उबाठा) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को दावा किया कि पार्टी के बागी सांसदों के बीच मंत्री पद को लेकर अनबन थी और जिन्हें सरकार में मौका नहीं मिलेगा, उन्हें अतिरिक्त 25 करोड़ रुपये देने पर सहमति बनी है।
शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश पाटिल-आष्टीकर और ओमप्रकाश राजे निंबालकर के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने की संभावना है। इन सांसदों ने बृहस्पतिवार को आयोजित शिवसेना (उबाठा) संसदीय दल की बैठक में हिस्सा नहीं लिया, जिससे इन सांसदों के पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ने की पुष्टि हो गई।
राउत ने संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया, ‘‘बागी गुट में इस बात को लेकर झगड़ा चल रहा है कि केंद्र में मंत्री कौन बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘छह बागी सांसदों में से केवल एक ही मंत्री बन सकता है, इसलिए यह समझौता हुआ है कि बाकी लोगों को (दल बदलने के लिए) अतिरिक्त 25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।’’
शिवसेना (उबाठा) नेता ने मुंबई उत्तर-पूर्व से लोकसभा सदस्य संजय दीना पाटिल की बगावत पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पार्टी छोड़ने की कोई वजह नहीं थी। यहां तक कि एक ‘वफादार’ को नजरअंदाज करके उनकी बेटी राजूल पाटिल को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी)का टिकट दिया गया था। राजूल ने इस साल की शुरुआत में निकाय चुनाव में जीत दर्ज की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरा भरोसा था कि संजय दीना पाटिल बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में पार्टी की ओर से बुलाई गई बैठक में शामिल होंगे।’’
राउत ने बागी सांसदों को ‘वाई-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराने के लिए महाराष्ट्र सरकार की भी आलोचना की और उन्हें बिना किसी सुरक्षा के घूमने की चुनौती दी।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस विभाग केवल गद्दारों की सुरक्षा के लिए है। यह जनता के पैसे की बर्बादी है।’’
शिवसेना(उबाठा) नेता ने कहा कि बागी सांसदों को पहले इस्तीफा देना चाहिए और जनता से नया जनादेश लेना चाहिए।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


