मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए अत्यधिक भारी बारिश कर ‘रेड’ अलर्ट जारी
मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए अत्यधिक भारी बारिश कर 'रेड' अलर्ट जारी
(तस्वीरों सहित)
मुंबई, छह जुलाई (भाषा) बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया।
रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं ने मुंबई तथा पड़ोसी जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसके कारण मुंबई-पुणे मार्ग पर लंबी दूरी की रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, रायगढ़ जिले में एक खंड पर उपनगरीय रेल सेवाएं निलंबित करनी पड़ीं और सड़क पर जलभराव से यातायात भी धीमा पड़ गया।
आईएमडी ने मौसम की स्थिति में बदलाव के बाद सुबह चेतावनी को ‘ऑरेंज’ से ‘रेड’ अलर्ट में बदल दिया। इसने इस क्षेत्र में 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से रुक-रुक कर तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है।
इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में एक चॉल के ढहने से कई लोगों की मौत की घटना पर सोमवार को दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की।
भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए अधिकारियों ने यात्रियों को सावधानी बरतने तथा यात्रा पर निकलने से पहले यातायात व ट्रेन सेवाओं से जुड़ी नवीनतम जानकारी लेने की सलाह दी है।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण कर्जत-लोनावला के भोर घाट खंड में भूस्खलन होने के बाद सोमवार तड़के व्यस्त मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर सेवाएं निलंबित कर दी गईं।
वहीं, मध्य रेलवे ने पड़ोसी रायगढ़ जिले में कर्जत और खोपोली के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं भी रोक दीं, क्योंकि भारी बारिश के कारण लौजी और डोलवली स्टेशन के बीच पटरियों के नीचे की गिट्टी बह गई।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गिट्टी बह जाने के कारण इस खंड पर रेल सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं और बहाली का काम जारी है।
पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि पालघर जिले में वसई रोड और विरार स्टेशन के बीच जलभराव के कारण पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेन निर्धारित समय से 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, पालघर तथा विरार-वसई रोड खंड के कुछ हिस्सों में पटरियां पूरी तरह डूब जाने के कारण रेलगाड़ियों की रफ्तार धीमी करनी पड़ी। यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त समय का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
घाट खंड में भूस्खलन और कई स्थानों पर जलभराव के कारण मुंबई-पुणे कॉरिडोर पर सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है, जिससे कई जगह जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए एहतियातन सोमवार को मुंबई के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया। हालांकि, सरकारी कार्यालय और निजी प्रतिष्ठान खुले रहे तथा रेल एवं सड़क यातायात में व्यवधान के बावजूद कर्मचारी काम पर पहुंचे।
आईएमडी ने चेतावनी दी कि अत्यधिक भारी बारिश से निचले और शहरी इलाकों में जलभराव हो सकता है, कुछ जलक्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति और नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, और सड़कें-पुल जलमग्न हो सकते हैं।
विभाग ने यह भी आगाह किया कि पेड़ों के गिरने की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं।
आईएमडी ने कहा कि कोंकण तट पर समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तूफान की आशंक है जिससे सड़क, रेल, हवाई और फेरी सेवाएं बाधित हो सकती हैं और पानी तथा बिजली की आपूर्ति जैसी आवश्यक नागरिक सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
मौसम कार्यालय ने कहा कि तेज हवाएं और भारी बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है। इसने बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
इसने लोगों को बिजली गिरने के जोखिम को कम करने के लिए बिजली उपकरणों को बंद करने, जलाशय से दूर रहने की भी सलाह दी।
बीएमसी के अनुसार, सोमवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान मुंबई में औसतन 105.24 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 161.11 मिलीमीटर और 159.40 मिलीमीटर वर्षा हुई।
इसने बताया कि सोमवार अपराह्न तीन बजकर 56 मिनट पर 4.08 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान है, जबकि मंगलवार तड़के चार बजकर 38 मिनट पर 3.44 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक चॉल के ढहने से छह लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (मुआवजा) देने की घोषणा की।
भारी बारिश के बाद रविवार रात मंडाला इलाके में यह तीन मंजिला चॉल ढह गई थी।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


