महाराष्ट्र में मुस्लिम समुदाय को दिया जाए आरक्षण : सपा विधायक शेख

Ads

महाराष्ट्र में मुस्लिम समुदाय को दिया जाए आरक्षण : सपा विधायक शेख

  •  
  • Publish Date - February 23, 2024 / 06:57 PM IST,
    Updated On - February 23, 2024 / 06:57 PM IST

ठाणे, 23 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य रईस शेख ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र लिखकर राज्य में सरकारी नौकरियों और शिक्षा में मुस्लिम समुदाय को पांच प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की।

ठाणे जिले के भिवंडी से विधायक शेख ने शुक्रवार को अपने पत्र की एक प्रति मीडिया के साथ साझा की।

महाराष्ट्र विधानमंडल ने इस सप्ताह की शुरुआत में मराठा समुदाय को दस प्रतिशत आरक्षण देने के लिए एक विधेयक को मंजूरी दी।

शेख ने पत्र में कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) सरकार ने एक अध्यादेश जारी कर मुस्लिमों को शिक्षा में पांच प्रतिशत आरक्षण दिया था और बंबई उच्च न्यायालय ने भी इसे बरकरार रखा था, लेकिन अध्यादेश कानूनी रूप नहीं ले पाया।

उन्होंने बताया कि आरक्षण की मांग समुदाय के आर्थिक और सामाजिक पिछड़ेपन के आधार पर की जा रही है और इससे समुदाय की करीब ‘‘50 उप-जातियों’’ को लाभ होगा।

उन्होंने कहा कि वह मराठा समुदाय को अलग से आरक्षण दिये जाने के फैसले का स्वागत करते हैं। सपा नेता ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण में छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की कुल आबादी में 11.5 प्रतिशत मुस्लिम हैं और न्यायमूर्ति राजेंद्र सच्चर आयोग (2006) और न्यायमूर्ति रंगनाथ मिश्रा समिति (2004) ने समुदाय के पिछड़ेपन की बात को माना है।

भाषा खारी धीरज

धीरज

शीर्ष 5 समाचार