एफडीए ने मुंबई के छह भोजनालयों और बेकरी के लाइसेंस निलंबित किये

Ads

एफडीए ने मुंबई के छह भोजनालयों और बेकरी के लाइसेंस निलंबित किये

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 11:42 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 11:42 PM IST

मुंबई, 24 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने शुक्रवार को कहा कि उसने छह भोजनालयों और बेकरी के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें से ज्यादातर मुंबई में स्थित हैं।

यह कार्रवाई एक दिन पहले चलाए गए एक अभियान के दौरान नियमों के उल्लंघन और खराब स्वच्छता व्यवस्था पाए जाने के कारण की गई।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार नियामक एजेंसी ने 23 जुलाई को राज्यभर में चलाए गए अभियान के दौरान मुंबई में चार बेकरी प्रतिष्ठानों को कारोबार बंद करने के नोटिस भी जारी किए।

एफडीए ने अपने नये आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में खाद्य मिलावट, नकली डेरी उत्पादों और अस्वच्छ भोजनालयों पर कार्रवाई करते हुए राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की है।

बयान के अनुसार, दिनभर चले इस अभियान के दौरान राज्यभर में कुल 61 होटलों, रेस्तरां, ढाबों (सड़क किनारे स्थित भोजनालयों) और बेकरी प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

इसमें कहा गया कि एफडीए ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में 34 नोटिस जारी किए, छह लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए और चार प्रतिष्ठानों को कारोबार बंद करने के नोटिस जारी किए।

बयान में कहा गया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबार संचालकों के खिलाफ इसी तरह के अभियान राज्यभर में जारी रहेंगे।

भाषा

देवेंद्र प्रशांत

प्रशांत