कार्यकर्ता के दावे के बाद अजित पवार की मृत्यु से जुड़े विमान हादसे पर रोहित पवार ने फिर संदेह जताया

कार्यकर्ता के दावे के बाद अजित पवार की मृत्यु से जुड़े विमान हादसे पर रोहित पवार ने फिर संदेह जताया

कार्यकर्ता के दावे के बाद अजित पवार की मृत्यु से जुड़े विमान हादसे पर रोहित पवार ने फिर संदेह जताया
Modified Date: April 6, 2026 / 06:16 pm IST
Published Date: April 6, 2026 6:16 pm IST

पुणे, छह अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के विधायक रोहित पवार ने अपने चाचा अजित पवार की मृत्यु से जुड़े 28 जनवरी के विमान हादसे पर सोमवार को फिर संदेह जताया और कहा कि सच सामने आना चाहिए।

उनका संदेह सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया के इस आरोप के बाद आया कि गिरफ्तार स्वयंभू बाबा अशोक खरात और एक सहकारी क्रेडिट सोसाइटी के वित्तीय लेन-देन के बीच कोई संबंध है।

दमानिया ने आज मुंबई में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि ‘समता क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी’ में लेन-देन से जुड़े एसएमएस अलर्ट की संख्या में अजित पवार से संबंधित दुर्घटना के समय के आसपास असामान्य वृद्धि देखी गई।

उनका इशारा 28 जनवरी को हुए उस विमान हादसे की तरफ था, जिसमें तत्कालीन उपमुख्यमंत्री (अजित पवार) की मौत हो गई थी।

दमानिया ने आरोप लगाया कि 27 जनवरी को असमान्य रूप से 17 एसएमएस प्राप्त हुए, जबकि उसके अगले दिन 19 संदेश, जबकि बाद के दिनों में कई और संदेश आए।

उन्होंने कहा कि संदेशों से खरात के खाते में राशि जमा होने या उसकी निकासी किए जाने का संकेत मिलता है।

खरात बलात्कार के आरोप में 18 मार्च से जेल में बंद है।

रोहित पवार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह बात सामने आने के बाद गंभीर सवाल उठ रहे हैं कि उसी दौरान अशोक खरात ने बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन किया था। इससे पहले, अजित दादा के आवास के बाहर कथित तौर पर काला जादू किए जाने की खबरें भी आई थीं।’’

कर्जत-जामखेड से विधायक ने खरात के वीएसआर कंपनी के विमान से बार-बार यात्रा करने और उसके अनुयायियों के नेटवर्क से जुड़ी खबरों की ओर भी इशारा किया, और पूछा कि क्या इन घटनाओं और उस जानलेवा विमान दुर्घटना के बीच कोई संबंध हो सकता है।

वीएसआर ही उस लियरजेट 45 विमान की मालिक थी और उसे संचालित करती थी, जो 28 जनवरी को बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

रोहित पवार ने व्यापक जांच की मांग करते हुए कहा, ‘‘क्या घटनाओं के इस क्रम और उस दुर्घटना के बीच कोई संबंध है, जिसमें अजित दादा और अन्य लोगों की जान चली गई? सच सामने आना ही चाहिए।’’

उन्होंने दुर्घटना के पीछे की संदिग्ध साजिश की जांच कर रहे आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) से आग्रह किया कि वह खरात और उससे जुड़े व्यक्तियों की भी जांच करे।

भाषा

नेत्रपाल माधव

माधव


लेखक के बारे में