(तस्वीर सहित)
मुंबई, एक फरवरी (भाषा) मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के बहुमंजिला आवास पर शनिवार देर रात हुई गोलीबारी के सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और अभी यह पता नहीं चल पाया है कि गोलीबारी के समय शेट्टी अपने घर पर थे या नहीं।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने रात करीब पौने एक बजे नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर गोलीबारी की।
अधिकारी ने बताया कि कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली इमारत में स्थित जिम के शीशे पर लगी।
उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद इमारत के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘किसी ने इमारत पर गोली चलाई। क्षेत्रीय पुलिस और अपराध शाखा की टीम मामले की जांच कर रही हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि जुहू पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
आरोपियों की पहचान करने और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस इमारत के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल कर रही है।
अधिकारी ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विज्ञान और बैलिस्टिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
अधिकारी ने कहा कि पुणे पुलिस ने मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया है।
निर्माता एवं निर्देशक शेट्टी ‘गोलमाल’, ‘सिंघम’ और ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
भाषा सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल