मुंब्रा में नाबालिग का निकाह कराने के आरोप में सात लोगों पर मामला दर्ज
मुंब्रा में नाबालिग का निकाह कराने के आरोप में सात लोगों पर मामला दर्ज
ठाणे, 25 मई (भाषा) ठाणे जिले के मुंब्रा में एक सामूहिक निकाह समारोह में नाबालिग लड़की की उसके पिता की सहमति के बिना शादी कराने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक महिला समाज सेवी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के हवाले से पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह सामूहिक निकाह पिछले साल दो दिसंबर को सोनाजी नगर में आयोजित किया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सामूहिक निकाह में एक लड़की की शादी कराई गई, जिसकी आधार कार्ड के अनुसार जन्म तिथि 30 सितंबर 2008 है यानी वह अभी 18 साल की नहीं हुई है। यह निकाह उसके पिता की सहमति के बिना करा दिया गया।’’
बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत सामूहिक निकाह के आयोजकों, निकाह पढ़ाने वाले काजी, लड़की की मां, दूल्हे और एक स्कूल के प्रधानाचार्य समेत अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।
मुंब्रा थाने के अधिकारी ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।
भाषा
खारी माधव
माधव

Facebook


