शरद पवार के खिलाफ शाह का बयान अनुचित : अजित पवार गुट के नेता

शरद पवार के खिलाफ शाह का बयान अनुचित : अजित पवार गुट के नेता

शरद पवार के खिलाफ शाह का बयान अनुचित : अजित पवार गुट के नेता
Modified Date: July 23, 2024 / 12:31 am IST
Published Date: July 23, 2024 12:31 am IST

पुणे, 22 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री अमित शाह द्वारा राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार पर भ्रष्टाचार को संस्थागत रूप देने का आरोप लगाने के एक दिन बाद, अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक नेता ने सोमवार को कहा कि ऐसी टिप्पणियां ‘अनुचित’ हैं।

अजीत पवार नीत राकांपा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सहयोगी दल है।

रविवार को पुणे में भाजपा के राज्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा था, ‘भारतीय राजनीति में कोई भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा ‘सरगना’ है तो वह शरद पवार हैं। इस बारे में मेरे मन में कोई भ्रम नहीं है। मैं खुले तौर पर कह रहा हूं कि पवार ने देश में भ्रष्टाचार को संस्थागत बना दिया है।’

पिंपरी चिंचवड से राकांपा नेता विलास लांडे ने कहा कि उन्होंने भाजपा को पत्र लिखकर शरद पवार के खिलाफ ऐसी टिप्पणी न करने को कहा है।

लांडे ने कहा, ‘ऐसी टिप्पणी करना उचित नहीं है क्योंकि (शरद) पवार साहब पिछले 60 वर्षों से राष्ट्रीय राजनीति में हैं और उन पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग ​​नहीं है।’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान पवार के लिए ‘भटकती आत्मा’ शब्द का इस्तेमाल करने के बाद ‘भाजपा को इसकी कीमत चुकानी पड़ी।’

लांडे ने दावा किया, ‘भाजपा को शरद पवार के बारे में ज्यादा न बोलकर अपनी गलती सुधारनी चाहिए। अगर वे ऐसा करना जारी रखते हैं तो यह आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ जाएगा। मैंने भाजपा को पत्र लिखकर 84 वर्षीय पवार के खिलाफ नहीं बोलने को कहा है।’

भाषा

शुभम सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में