शरद पवार राज्यसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक, राकांपा गुटों का विलय होने की संभावना नहीं : राउत

Ads

शरद पवार राज्यसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक, राकांपा गुटों का विलय होने की संभावना नहीं : राउत

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 05:01 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 05:01 PM IST

मुंबई, 14 फरवरी (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शनिवार को दावा किया कि राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार आगामी राज्यसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं और महाविकास आघाडी (एमवीए) इस बारे में चर्चा करेगा।

राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए यह भी कहा कि राकांपा (एसपी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विलय की संभावना नहीं है।

राकांपा के अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार की हाल में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

राउत ने कहा, ‘‘मेरी शरद पवार साहब से बातचीत हुई। मैंने उनसे इस बारे में (कि क्या वह राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे) उनकी राय पूछी। उन्होंने मुझे बताया कि वह राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे।’’

संसद के उच्च सदन के सदस्य राउत ने कहा कि पवार (85) देश के एक वरिष्ठ नेता हैं, जिनके पास लगभग 60 वर्षों का विधायी अनुभव है।

राउत ने बताया कि पवार ने कांग्रेस को अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है कि वह राज्यसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘अब एमवीए के नेता एक साथ बैठकर इस पर चर्चा करेंगे।’’

शरद पवार नीत राकांपा (एसपी), कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) एमवीए में सहयोगी हैं।

पवार समेत सात सदस्यों का अप्रैल में राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। एमवीए की कम सदस्य संख्या के कारण वह राज्यसभा में केवल एक उम्मीदवार भेज सकती है।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप