नागपुर, 18 जुलाई (भाषा) नागपुर जिले में मुंबई-हावड़ा मुख्य लाइन पर कन्हान रेलवे स्टेशन के पास शनिवार तड़के एक ट्रेन की चपेट में आने से छह हिरणों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा यहां से करीब 30 किलोमीटर दूर तुकाराम नगर इलाके में सुबह चार बजे से पांच बजे के बीच हुआ।
कन्हान थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हिरणों का एक झुंड रेलवे की पटरी पार कर रहा था, तभी कुछ वन्य जीव तेज गति से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में पांच मादा और एक नर हिरण की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों द्वारा घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
वन अधिकारियों ने बाद में हिरणों के सभी शवों को अपने कब्जे में ले लिया।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष