सलमान खान के मुंबई स्थित घर के पास दिखा सांप
सलमान खान के मुंबई स्थित घर के पास दिखा सांप
मुंबई, 19 मई (भाषा) अभिनेता सलमान खान के यहां बांद्रा इलाके में स्थित आवास के पास एक सांप देखा गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह जानकारी मंगलवार को वन्यजीव संरक्षण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने दी।
वन्यजीव संरक्षण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बताया कि सांप सोमवार सुबह सलमान खान के ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के पास देखा गया, जिसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस और वन विभाग को सूचित किया।
एक वन्यजीव विशेषज्ञ ने बताया कि बाद में सांप पकड़ने वाले एक व्यक्ति ने सांप को वहां से सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। सांप की पहचान ‘रैट स्नेक’ (धामिन सांप) के रूप में हुई है, जो आमतौर पर चूहों को अपना शिकार बनाता है।
‘रेस्किंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर’ के पवन शर्मा ने बताया कि यह सांप भारत में पाया जाने वाला एक आम सांप है। यह चूहों को खाकर उनकी आबादी को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित रखता है।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए सांप को चिकित्सकीय जांच के बाद जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
यह संस्था ‘रेस्किंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर’ यहां वन्यजीवों के बचाव और संरक्षण के लिए वन विभाग के साथ मिलकर काम करती है।
भाषा प्रचेता अमित
अमित

Facebook


