मुंबई में तकनीकी खराबी के कारण हार्बर लाइन पर उपनगरीय सेवाएं बाधित हुईं

Ads

मुंबई में तकनीकी खराबी के कारण हार्बर लाइन पर उपनगरीय सेवाएं बाधित हुईं

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 11:00 AM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 11:00 AM IST

मुंबई, 12 जून (भाषा) मुंबई के चेंबूर स्टेशन के पास ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई) पर कुछ तार गिर जाने के कारण शुक्रवार सुबह व्यस्त समय के दौरान मध्य रेलवे की हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवधान की सूचना सुबह नौ बजकर 45 मिनट पर मिली। हालांकि, प्रभावित मार्ग पर ट्रेन सेवाएं सुबह नौ बजकर 10 मिनट से ही बाधित थीं।

मध्य रेलवे के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू किया।

मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि ‘‘चेंबूर स्टेशन के पास बाहरी तार ओएचई पर गिर जाने के कारण’’ अप हार्बर लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

प्रवक्ता ने बताया कि अवरोध हटाए जाने के बाद सुबह नौ बजकर 52 मिनट पर यातायात बहाल कर दिया गया।

इस व्यवधान के कारण हार्बर लाइन की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं 15 से 20 मिनट तक विलंबित रहीं।

हार्बर लाइन दक्षिण मुंबई को नवी मुंबई और पश्चिमी उपनगरों से जोड़ने वाली उपनगरीय रेल सेवा उपलब्ध कराती है।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा