आंध्र प्रदेश सरकार तटरेखा के विकास के लिए है प्रतिबद्ध: मंत्री जनार्दन रेड्डी

Ads

आंध्र प्रदेश सरकार तटरेखा के विकास के लिए है प्रतिबद्ध: मंत्री जनार्दन रेड्डी

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 02:07 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 02:07 PM IST

अमरावती, 18 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के अवसंरचना मंत्री बी. सी. जनार्दन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेतृत्व वाली सरकार तटरेखा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी बंदरगाह तथा मछली पकड़ने के केंद्रों से जुड़ी परियोजनाएं जल्द पूरी करने का वादा किया।

अवसंरचना मंत्री ने विधानसभा में कहा कि सरकार श्रीकाकुलम जिले के बुडागटलापलेम में मछली पकड़ने के केंद्र का निर्माण काम तेज करेगी और मांचिनिल्लापेटा में मछली उतारने का केंद्र स्थापित करेगी।

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में गठबंधन सरकार तटरेखा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हम बहुत जल्द राज्य में शुरू की गई सभी बंदरगाह और मछली पकड़ने के केंद्र संबंधी परियोजनाओं को पूरा करेंगे।”

मंत्री ने कृष्णापटनम और रामय्यापट्नम बंदरगाहों पर मौजूद अवसंरचनात्मक और शीत भंडारण संबंधी समस्याओं को स्वीकार करते हुए उन्हें जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।

रेड्डी के अनुसार, अदाणी कृष्णापटनम बंदरगाह के प्रबंधन ने नेलाटुरु मछली उतारने के केंद्र के लिए 25 करोड़ रुपये की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व निधि उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है।

उन्होंने कहा कि पहले से ही 15 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने मछुआरों को होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए लंबित समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।

रेड्डी ने बताया कि पश्चिम गोदावरी जिले में बिय्यापुटिप्पा गांव में मछली पकड़ने के केंद्र को मछली उतारने के केंद्र में बदला जाएगा। इसके अलावा भी कई अन्य पहल की जाएंगी।

भाषा तान्या राजकुमार

राजकुमार