पुणे, 18 अगस्त (भाषा) भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शिक्षा क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों की आवाजाही बढ़ाने के उद्देश्य से 22 सदस्यीय आस्ट्रेलियाई उच्च शिक्षा प्रतिनिधिमंडल पुणे दौरे पर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ऑस्ट्रेलिया की व्यापार एवं निवेश प्रोत्साहन एजेंसी ‘ऑस्ट्रेलियन ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट कमीशन’ (ऑस्ट्रेड) के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने ‘ऑस्ट्रेड हायर एजुकेशन वीक 2026’ के तहत पिछले दो दिनों में यहां विश्वविद्यालयों और स्कूलों के साथ बातचीत की।
सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इन बैठकों का उद्देश्य भारतीय विद्यार्थियों की बदलती आकांक्षाओं को समझना, शैक्षणिक सहयोग और विद्यार्थियों के लिए अध्ययन के विभिन्न अवसर तलाशना तथा ऑस्ट्रेलियाई और भारतीय शिक्षण संस्थानों के बीच संबंधों को मजबूत करना था।
ऑस्ट्रेड के व्यापार एवं निवेश आयुक्त विक सिंह ने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया के लिए एक महत्वपूर्ण और मूल्यवान शिक्षा साझेदार है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुणे में हमारी बातचीत विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों की आकांक्षाओं को समझने एवं यह तलाशने का अवसर है कि ऑस्ट्रेलिया तथा भारत के शिक्षण संस्थान किस तरह मजबूत संबंध बना सकते हैं। हम चाहते हैं कि विद्यार्थी ऑस्ट्रेलिया को केवल पढ़ाई के गंतव्य के रूप में न देखें, बल्कि इसे ऐसी जगह के तौर पर देखें जहां विश्वस्तरीय शिक्षा, व्यावहारिक अनुभव और वैश्विक करियर के अवसरों के जरिए वे अपने भविष्य को आकार दे सकें।’’
प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न विषयों और करियर विकल्पों के लिए ऑस्ट्रेलिया में उपलब्ध शिक्षा एवं अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की और उन्हें वहां अध्ययन के विकल्प तलाशने के लिए आमंत्रित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने पुणे के शिक्षण संस्थानों के साथ संभावित शैक्षणिक साझेदारी, विद्यार्थियों के लिए अध्ययन मार्ग और पाठ्यक्रम संबंधी सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
विज्ञप्ति के अनुसार, पुणे के बाद प्रतिनिधिमंडल मंगलवार और बुधवार को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले ‘10वें वार्षिक आईसी3 सम्मेलन एवं एक्सपो’ में हिस्सा लेगा।
विज्ञप्ति में कहा गया कि ऑस्ट्रेलिया अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए प्रमुख शिक्षा गंतव्यों में शामिल है और वहां के विश्वविद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र अनुभव तथा शैक्षणिक प्रतिष्ठा के लिए दुनियाभर में पहचाने जाते हैं।
ऑस्ट्रेड व्यापार एवं निवेश सेवाएं, बाजार संबंधी जानकारी और विशेषज्ञ जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ अपने वैश्विक नेटवर्क के जरिए अंतरराष्ट्रीय कारोबारी संपर्कों को बढ़ावा देता है।
भाषा राखी राजकुमार
राजकुमार