ठाणे में किशोरी से बलात्कार: विधान परिषद की उपसभापति ने आरोपी को मौत की सजा देने की मांग की

ठाणे में किशोरी से बलात्कार: विधान परिषद की उपसभापति ने आरोपी को मौत की सजा देने की मांग की

ठाणे में किशोरी से बलात्कार: विधान परिषद की उपसभापति ने आरोपी को मौत की सजा देने की मांग की
Modified Date: May 19, 2026 / 04:30 pm IST
Published Date: May 19, 2026 4:30 pm IST

ठाणे, 19 मई (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरे ने कहा है कि वह ठाणे जिले के कल्याण रेलवे स्टेशन पर 14 वर्षीय लड़की से बलात्कार के आरोपी के लिए मृत्युदंड की मांग करेंगी।

गोरे ने सोमवार शाम घटनास्थल का दौरा किया तथा रेलवे प्रशासन को ऐसे अपराधों को रोकने के लिए अपने अधिकार क्षेत्र के भीतर सभी खतरनाक, परित्यक्त इमारतों को तुरंत ध्वस्त करने का निर्देश दिया।

उन्होंने पीड़िता की मां से भी मुलाकात की और राज्य सरकार की मनोधैर्य योजना के तहत वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने का वादा किया।

गोरे ने कहा, ”शिवसेना नाबालिग की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेगी।”

गोरे के कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी की पहचान कल्याण के परशुरामवाड़ी निवासी सौरभ संतोष सोनवणे (21) के रूप में हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने घटना के पांच घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गोरे ने सोमवार को कल्याण रेलवे पुलिस स्टेशन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

गोरे ने कल्याण में संवाददाताओं से कहा, ‘उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (जो शिवसेना प्रमुख हैं) हमेशा कहते हैं कि महिला अधिकारों का मतलब महिलाओं का सम्मान है। उनके रुख के अनुरूप, राज्य में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’

उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग के लिए न्यायिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

गोरे ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र सरकार राज्य में यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामलों की सुनवाई करने वाली शेष अदालतों को तुरंत शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘राज्य में स्वीकृत 140 पॉक्सो अदालतों में से 38 ने काम शुरू कर दिया है। शेष अदालतें न्यायाधीश उपलब्ध होते ही शुरू कर दी जाएंगी और राज्य सरकार उनके लिए सभी आवश्यक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराएगी।’

रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा खामियों को दूर करने के लिए गोरे ने अधिकारियों को शक्तिशाली सर्चलाइट और अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाकर रेलवे यार्ड को तुरंत सुरक्षित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने पुलिस विभाग को उन अपराधियों की एक व्यापक सूची तैयार करने का आदेश दिया, जिन्हें कोविड महामारी के दौरान पैरोल पर रिहा किया गया था और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

विधायक ने रेलवे और राज्य पुलिस द्वारा संयुक्त गश्त बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में