ठाणे : महाविद्यालय के कर्मचारी ने चौथी मंजिल से कूद कर आत्महत्या की
ठाणे : महाविद्यालय के कर्मचारी ने चौथी मंजिल से कूद कर आत्महत्या की
ठाणे, छह मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक महाविद्यालय में कार्यरत 42 वर्षीय कर्मचारी ने संस्थान की इमारत की चौथी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रवीण चौधरी डोंबिवली (पूर्व) स्थित प्रगति महाविद्यालय में चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी था।
अधिकारी ने बताया कि चौधरी बृहस्पतिवार को कुछ प्रशासनिक और अनुशासनात्मक मुद्दों को लेकर प्राचार्य से मिलने के लिए अपने माता-पिता के साथ महाविद्यालय आए थे। उनके माता-पिता जब प्राचार्य के कार्यालय में थे तभी वह कथित तौर पर चौथी मंजिल पर चले गए और वहां से छलांग लगा दी।
अधिकारी ने बताया कि गिरने की आवाज सुनकर कर्मचारी और छात्र दौड़े, जहां चौधरी बेहोश मिले। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया, ‘तुनकमिजाज स्वभाव के चौधरी का व्यवहार अक्सर आक्रामक होता था। महाविद्यालय प्रबंधन ने चौधरी के व्यवहार को लेकर कई बार चेतावनी दी थी। इन्हीं मुद्दों पर चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को उनके परिवार को बुलाया गया था।’
इस संबंध में प्ररंभिक जांच से पता चलता है कि बातचीत के दौरान चौधरी उत्तेजित हो गए और उन्होंने गुस्से में आकर यह कदम उठा लिया।
अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश

Facebook


