ठाणे की अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कनाडा स्थित दंपति का तलाक मंजूर किया

ठाणे की अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कनाडा स्थित दंपति का तलाक मंजूर किया

ठाणे की अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कनाडा स्थित दंपति का तलाक मंजूर किया
Modified Date: February 10, 2026 / 11:04 am IST
Published Date: February 10, 2026 11:04 am IST

ठाणे, 10 फरवरी (भाषा) ठाणे की एक अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सुनवाई कर कनाडा में रह रहे एक दंपति को आपसी सहमति से तलाक लेने की मंजूरी दी।

जिला न्यायाधीश आर. एस. भाकरे ने सोमवार को दिए आदेश में कहा कि पक्षों ने स्वेच्छा से याचिका दायर की थी और वैवाहिक संबंधों को समाप्त करना ‘उचित और सही’ होगा।

सात महीने से अधिक समय तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद अदालत ने तलाक का आदेश जारी कर शादी को कानूनी रूप से खत्म कर दिया।

याचिकाकर्ताओं का विवाह नौ मार्च, 2022 को महाराष्ट्र के ठाणे शहर के मीरा रोड इलाके में हुआ था और वे फिलहाल ओंटारियो (कनाडा) के अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं।

तलाक की याचिका 18 जून, 2025 को विशेष विवाह अधिनियम के तहत दायर की गई थी। उनके भारत से बाहर रहने के कारण, कार्यवाही ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ के माध्यम से शुरू की गई थी।

‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ का मतलब है-किसी व्यक्ति को अपनी ओर से कानूनी या वित्तीय फैसले लेने का अधिकार देना।

अनिवार्य छह महीने की प्रतीक्षा अवधि पूरी होने के बाद भी दंपति अलग रहने के अपने फैसले पर अडिग रहे और सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश हुए।

न्यायाधीश भाकरे ने हलफनामों और डिजिटल माध्यम से गवाही के माध्यम से दिए गए सबूतों की समीक्षा करने के बाद उन्हें तलाक की मंजूरी दे दी।

भाषा प्रचेता सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में