ठाणे: तेज गति से गुजर रही कार की टक्कर से साइकिल सवार व्यापारी की मौत,नाबालिग चालक हिरासत में

Ads

ठाणे: तेज गति से गुजर रही कार की टक्कर से साइकिल सवार व्यापारी की मौत,नाबालिग चालक हिरासत में

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 07:00 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 07:00 PM IST

ठाणे, 26 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कथित तौर पर नाबालिग द्वारा तेज गति से चलाई जा रही एक कार ने साइकल को टक्कर मारी, जिससे साइकल सवार व्यापारी की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे कल्याण रिंग रोड पर हुई। 17 वर्षीय आरोपी लड़का घटना के बाद मौके से फरार हो गया था, लेकिन उसे बुधवार को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान श्रीनिवास तांडले(42) के रूप में हुई है जिनकी कपड़ों की दुकान थी।

तांडले ने दुर्घटना वाले दिन ही फिटनेस के लिए साइकिल चलाना शुरू किया था। जब वह साइकिल चला रहे थे, तभी तेज गति वाली कार ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे वह घाय़ल हो गए जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद तांडले को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से कल्याण स्थित उस इमारत तक पहुंची जिसमें लड़का रहता था। इसके बाद नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया गया।

खडकपाडा थाने के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘नाबालिग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है।’’

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष