ठाणे: सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत, बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

ठाणे: सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत, बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

ठाणे: सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत, बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: May 6, 2026 / 09:12 am IST
Published Date: May 6, 2026 9:12 am IST

ठाणे, छह मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में राज्य परिवहन निगम की एक बस के एक एसयूवी को टक्कर मारने के बाद एसयूवी सवार चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस और ‘स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी) की टक्कर मंगलवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे मुरबाड तालुका के टोकावडे में हुई।

टोकावडे थाने के निरीक्षक शीतलकुमार नाइक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एसयूवी सवार आठ लोगों में दो नाबालिग भी थे। दुर्घटना में वाहन के मालिक तथा चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार घायल हो गए।

घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन (एमवी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एमएसआरटीसी बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।’’

शवों को पोस्टमोर्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने बताया कि मामले में फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

मुरबाड के तहसीलदार अभिजीत देशमुख के अनुसार, मृतकों की पहचान अविनाश काकड़े, अभिषेक मोटे, नीता धुरे और मीना मडके के रूप में हुई है। ये सभी अहिल्यानगर जिले के नेवासा से थे।

इस मार्ग पर एक महीने से भी कम समय में यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले 13 अप्रैल को जिले में एक वैन तथा सीमेंट मिक्सर ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की जान चली गई थी।

भाषा यासिर शोभना

शोभना


लेखक के बारे में