चंद्रपुर, 10 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पार्षद संगीता खांडेकर के शिवसेना (उबाठा) के समर्थन से चंद्रपुर शहर महानगरपालिका की महापौर चुने जाने के बाद कांग्रेस को मंगलवार को झटका लगा जो इस सीट पर अपनी जीत पक्की मान कर चल रही थी।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पार्षद प्रशांत दानव को उपमहापौर चुना गया।
यहां 15 जनवरी को हुए चुनावों में खंडित जनादेश के बाद से सोमवार तक नगर निकाय में गठबंधन को लेकर कोई स्पष्टता नहीं थी।
कांग्रेस 66 सदस्यीय नगर निकाय में 27 सीट हासिल करने के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि भाजपा 23 सीट के साथ दूसरे स्थान पर रही, जिससे दोनों पार्टियों के बीच महापौर और उप महापौर के प्रतिष्ठित पदों को हासिल करने के लिए गठबंधन बनाने की होड़ मच गई।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) को छह सीट मिलीं, जबकि भारतीय शेतकरी कामगार पक्ष (जनविकास सेना) को तीन, वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) को दो और एआईएमआईएम, बसपा तथा शिवसेना को एक-एक सीट मिली जबकि दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनाव जीता, जिसके परिणाम 16 जनवरी को घोषित किए गए।
सूत्रों ने सोमवार को बताया था कि कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) के बीच हुई बातचीत से कोई समाधान नहीं निकला, जबकि जनविकास सेना के नेता पप्पू देशमुख ने कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस को समर्थन देगी।
महापौर पद के लिए शिवसेना (उबाठा) की मनस्वी संदीप गिरहे, कांग्रेस की संगीता मंगल भोयर, संगीता गोपालकृष्ण अमृतकर, सुनंदा दिलीप धोबे और वैशाली अजय महादुले के साथ-साथ भाजपा की संगीता राजेंद्र खांडेकर और सारिका सचिन संदुरकर ने नामांकन दाखिल किया था।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की खांडेकर ने अपने सबसे करीबी विरोधी को एक वोट से हराकर शिवसेना (उबाठा) के समर्थन से महापौर पद जीत लिया।
उप महापौर पद के लिए छह नामांकन दाखिल किए गए थे, जिनमें भाजपा और कांग्रेस से दो-दो, भारतीय शेतकारी कामगार पक्ष (जनविकास सेना) से एक और एक निर्दलीय उम्मीदवार शामिल थे।
भाषा यासिर नरेश
नरेश