वह दिन दूर नहीं जब देश में मध्यावधि चुनाव होंगे और नयी सरकार चुनी जाएगी: सपकाल
वह दिन दूर नहीं जब देश में मध्यावधि चुनाव होंगे और नयी सरकार चुनी जाएगी: सपकाल
नागपुर, तीन सितंबर (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल ने बुधवार को दावा किया कि दिल्ली का ‘सिंहासन’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हिला दिया है और वह दिन दूर नहीं जब देश में ‘मध्यावधि चुनाव होंगे तथा संविधान की रक्षा के लिए एक नयी सरकार चुनी जाएगी’।
नागपुर जिले के कामठी निर्वाचन क्षेत्र में राज्य स्तरीय अभियान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के उद्घाटन के अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार पर वर्तमान स्थिति को ब्रिटिश शासन के दौर की स्थिति से भी बदतर बनाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, कामठी निर्वाचन क्षेत्र वह स्थान है जहां गांधी ने पहली बार ‘चुनावी अनियमितताओं’ की बात कही थी। इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले करते हैं।
सपकाल ने कहा, ‘‘हमें इस ‘चोर सरकार’ को गिराने के लिए लड़ना होगा, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे के साथ एकजुट होना होगा। इस नारे को अब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोकप्रिय बना दिया है।’’
उन्होंने दावा किया कि ‘वोट चोरी’ सिर्फ़ चुनावी कदाचार नहीं है, बल्कि ‘ब्रिटिश राज से भी बदतर दौर में जाने’ का मामला है। सपकाल ने आरोप लगाया कि पैसे और प्रभाव के बल पर गांव-गांव में वोट चुराए जा रहे हैं।
सपकाल ने बताया कि ‘वोट चोरी’ कामठी से शुरू हुई थी, जहां दावा किया गया था कि एक ही मोबाइल फ़ोन पर 500 मतदाता पंजीकृत थे। उन्होंने बताया कि गांधी ने अखबारों में छपे लेखों के ज़रिए भी कामठी में ‘वोट चोरी’ की बात कही है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि ‘रेशमबाग (आरएसएस की ओर स्पष्ट इशारा करते हुए) ने दिल्ली से कहा है कि 75 साल की उम्र के बाद सीट खाली कर दी जाए।’
पिछले हफ्ते एक प्रश्नोत्तर सत्र में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि उन्होंने 75 साल के बाद सेवानिवृत्ति के बारे में कभी नहीं कहा।
भाषा यासिर नरेश
नरेश

Facebook


