चांदी से लदी वैन ट्रक से टकराई; दो लोगों की मौत, एक घायल

चांदी से लदी वैन ट्रक से टकराई; दो लोगों की मौत, एक घायल

चांदी से लदी वैन ट्रक से टकराई; दो लोगों की मौत, एक घायल
Modified Date: May 15, 2026 / 05:44 pm IST
Published Date: May 15, 2026 5:44 pm IST

पालघर, 15 मई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में शुक्रवार को एक राजमार्ग पर करोड़ों रुपये की चांदी ले जा रही एक वैन डिवाइडर से टकरा गई और एक ट्रक से जा भिड़ी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चारोटी पुल पर सुबह करीब 6.20 बजे हुई जो कासा पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है।

पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण वैन गुजरात की ओर जाने वाली लेन पर डिवाइडर से टकरा कर दूसरी तरफ चली गई और एक ट्रेलर ट्रक से जा टकराई।

उन्होंने कहा, ‘मुंबई स्थित नकोडा बुलियन की यह वैन, जिसका संचालन मॉडिसन लिमिटेड कर रही थी, मुंबई से गुजरात के वलसाड जिले के वापी के लिए 600 किलोग्राम वजन की चांदी की 20 प्लेटें ले जा रही थी।’

देशमुख ने बताया कि टक्कर के प्रभाव से वैन में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया और उसका स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वाहन से कीमती सामान बरामद कर लिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में