प्राइम वीडियो पर 13 मार्च को रिलीज होगा ‘एस्पिरेंट्स’ का तीसरा सीजन
प्राइम वीडियो पर 13 मार्च को रिलीज होगा 'एस्पिरेंट्स' का तीसरा सीजन
मुंबई, दो मार्च (भाषा) प्राइम वीडियो ने सोमवार को घोषणा की कि इस मंच पर ‘द वायरल फीवर’ (टीवीएफ) द्वारा निर्मित उसकी प्रशंसित हिंदी सीरीज ‘एस्पिरेंट्स’ का तीसरा सीजन 13 मार्च को रिलीज होगा।
इस नये सीजन में भी नवीन कस्तूरिया, शिवांकित सिंह परिहार, अभिलाष थपलियाल, सनी हिंदुजा, नमिता दुबे और तेंगम सेलिन पिछले सीजन की अपनी भूमिकाओं को आगे बढ़ाएंगे जबकि जतिन गोस्वामी इस बार कलाकार समूह में नए चेहरे के रूप में शामिल हुए हैं।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दीपेश सुमित्रा जगदीश द्वारा निर्देशित यह सीरीज भारत और दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर प्रसारित होगी।
‘एस्पिरेंट्स’ तीन दोस्त, अभिलाष, गुरी और एसके की कहानी है। ये सभी दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करते हैं।
विद्यार्थी जीवन के संघर्ष और वर्तमान समय के बीच घूमती यह सीरीज दोस्ती, महत्वाकांक्षा, विफलता और एक उच्च-स्तरीय परीक्षा से अपनी पहचान जोड़ने के भावनात्मक प्रभाव को दर्शाती है।
इसके तीसरे सीजन में आईएएस अधिकारी अभिलाष (कस्तूरिया) के जीवन को दो अलग-अलग समयसीमाओं में दिखाया जाएगा।
सीरीज का पहला सीजन वर्ष 2021 में यूट्यूब पर आया था, जिसके बाद इसका दूसरा सीजन 2023 में प्राइम वीडियो पर दिखाया गया।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


