यह रणनीतिक बदलाव का दौर; समुद्री क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही: एडमिरल स्वामीनाथन
यह रणनीतिक बदलाव का दौर; समुद्री क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही: एडमिरल स्वामीनाथन
मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) पश्चिम एशिया में संकट के बीच नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने सोमवार को कहा कि यह महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव का दौर है, जिसमें समुद्री क्षेत्र तेजी से प्रतिस्पर्धी होता जा रहा है।
एडमिरल स्वामीनाथन ने गहरे समुद्र में जाने में सक्षम पोत ‘आईएनएस निपुण’ को मुंबई में भारतीय नौसेना में शामिल किए जाने के बाद कहा कि खतरों को लेकर धारणा लगातार बदल रही है और वे नयी चुनौतियों और जटिलताओं के रूप में सामने आ रही हैं।
यह जहाज समुद्र में 300 मीटर की गहराई तक जाने की क्षमता रखता है। इसमें पनडुब्बियों को तुरंत राहत प्रदान करने की भी क्षमता है। इसके अलावा इसे आपदा राहत और मानवीय सहायता अभियानों के लिए भी तैनात किया जा सकता है।
एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा, ‘‘आज हम महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं; समुद्री क्षेत्र लगातार अधिक प्रतिस्पर्धी और चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।’’
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी

Facebook


