हिंदुओं को लूटने वाले सत्ता में हैं: उद्धव ने राम रक्षा आंदोलन शुरू किया, भाजपा पर निशाना साधा

हिंदुओं को लूटने वाले सत्ता में हैं: उद्धव ने राम रक्षा आंदोलन शुरू किया, भाजपा पर निशाना साधा

हिंदुओं को लूटने वाले सत्ता में हैं: उद्धव ने राम रक्षा आंदोलन शुरू किया, भाजपा पर निशाना साधा
Modified Date: July 5, 2026 / 06:53 pm IST
Published Date: July 5, 2026 6:53 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के खिलाफ रविवार को ‘राम रक्षा’ आंदोलन शुरू किया। इस मौके पर उन्होंने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा, “हिंदुओं को लूटने वाले लोग सत्ता में हैं।”

उद्धव ने मध्य मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर में ‘हनुमान स्तोत्र’ और ‘हनुमान चालीसा’ का पाठ किया। उन्होंने मंदिर के बाहर एक रैली को संबोधित करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

भगवा रंग का कुर्ता पहने उद्धव ने कहा कि अगर कोई हिंदुत्व का गलत इस्तेमाल करके मंदिर को लूटता है, तो हिंदू उसे नहीं बख्शेंगे।

उन्होंने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हिंदुओं को लूटने वाले लोग सत्ता में हैं। किसी लुटेरे से उसकी अपनी लूट की जांच करने के लिए नहीं कहा जा सकता। यह काम निष्पक्ष रूप से किया जाना चाहिए।”

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख ने ‘अयोध्या तो झांकी है, काशी-मथुरा अभी बाकी हैं” के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की चिंता है कि काशी और मथुरा में क्या होगा।

उद्धव ने कहा, “हम निडर, मासूम और देश से प्यार करने वाले हिंदू हैं, लेकिन मूर्ख नहीं।”

उन्होंने कहा कि शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने हिंदुओं को जगाया था, लेकिन आज उन्हें सम्मोहित किया जा रहा है।

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सात जून को सामने आया। मामले की पड़ताल के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई।

इस मामले में मंदिर में चढ़ावे की सुरक्षा और गिनती की प्रक्रिया में शामिल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में