एफडीए ने खाद्य उत्पादों की उपयोग तिथि से छेड़छाड़ करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया

एफडीए ने खाद्य उत्पादों की उपयोग तिथि से छेड़छाड़ करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया

एफडीए ने खाद्य उत्पादों की उपयोग तिथि से छेड़छाड़ करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया
Modified Date: August 31, 2026 / 08:39 pm IST
Published Date: August 31, 2026 8:39 pm IST

मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खाद्य उत्पादों पर दर्ज उपयोग की अंतिम तारीख से छेड़छाड़ करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर मैगी व लेज जैसे ब्रांड के उत्पाद जब्त किए गए हैं। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस कार्रवाई के बाद तुर्भे के टीटीसी औद्योगिकी क्षेत्र में स्थित साधना एंटरप्राइजेज का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

एफडीए ने बताया कि जब्त किए गए उत्पादों में लेज़ विभिन्न प्रकार के आलू के चिप्स, कुरकुरे, फन फ्लिप्स, मैगी मसाला और आटा नूडल्स जैसे तुरंत खाने या पकाने के लिए तैयार उत्पाद शामिल हैं।

खाद्य उत्पादन विनियामक के मुताबिक यह कार्रवाई 24 से 29 अगस्त के बीच एफडीए और नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने संयुक्त रूप की थी।

जांच के दौरान कथित तौर पर यह पाया गया कि खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर छपी विनिर्माण और उपयोग की अंतिम तारीख में बदलाव किया जा रहा था।

एफडीए ने कहा कि सामग्री और पोषक तत्वों की जानकारी वाले असली लेबल की जगह नए स्टिकर लगाए गए और पूरे स्टॉक की दोबारा पैकेजिंग की गई थी।

बयान के मुताबिक विभाग ने 10 निर्यात कंपनियों से जुड़े 8,442 कार्टन जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 75,21,269 रुपये है।

एफडीए ने बताया कि तुर्भे पुलिस थाना में ‘ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा धीरज माधव

माधव


लेखक के बारे में