ठाणे में दो वाहनों की टक्कर में तीन लोगों की मौत
ठाणे में दो वाहनों की टक्कर में तीन लोगों की मौत
ठाणे, 28 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मालशेज घाट के पास एक राजमार्ग पर तेज रफ्तार में विपरीत दिशाओं से आ रहीं वैन की आमने-सामने की टक्कर में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार सुबह मुरबाड तालुका में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 61 पर हुआ।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि खेडले-तलावले गांव के तीन निवासियों को ले जा रही एक पिकअप वैन की कल्याण की ओर जा रही मुर्गियों के परिवहन वाली दूसरी वैन से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और पिकअप वैन में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मारुति तुकाराम खारे (55), उनके बेटे अजीत मारुति खापरे (25) और चालक राम मालू सपाटे (40) के रूप में हुई है।
दूसरी वैन में सवार दो लोग घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया।
टोकावाडे थाने के सहायक निरीक्षक शीतलकुमार नाइक ने बताया कि हादसे के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने दूसरी वैन के चालक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा

Facebook


