पालघर जिले में चलते टैंकर से रसायन फैलने के बाद तीन लोग अस्पताल में भर्ती

Ads

पालघर जिले में चलते टैंकर से रसायन फैलने के बाद तीन लोग अस्पताल में भर्ती

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 09:29 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 09:29 PM IST

पालघर, 27 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में बृहस्पतिवार सुबह एक चलते हुए टैंकर से सड़क पर गिरे खतरनाक रसायन के संपर्क में आने के बाद तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना वाडा तहसील के खुपरी गांव में हुई और प्रभावित तीनों लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वाडा थाने के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) नागेश कदम के अनुसार, रसायन से भरा एक टैंकर पास की एक कंपनी से निकलकर मुख्य सड़क पर आया था। सड़क पर बने ऊबड़-खाबड़ हिस्से से गुजरते समय टैंकर से कुछ रसायन सड़क पर गिर गया, जिसके कारण आसपास के लोग उसके संपर्क में आ गए।

उन्होंने बताया कि रसायन के संपर्क में आने के बाद तीन लोगों ने दम घुटने, सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत की। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

कदम ने बताया कि तीनों को तुरंत उपचार दिया गया और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है तथा वे खतरे से बाहर हैं।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के साथ बचाव एवं राहत दल तत्काल मौके पर पहुंचे।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश