मुंबई में भेड़ों की लड़ाई के आयोजन के सिलसिले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई में भेड़ों की लड़ाई के आयोजन के सिलसिले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई, छह अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में अवैध रूप से भेड़ों की लड़ाई आयोजित करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक भेड़ की मौत हो गई थी।
यह मामला पीपुल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पेटा) इंडिया की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
अंबोली पुलिस थाने के अधिकारी के अनुसार, साजिद अब्दुल अली सैय्यद, सऊद फिरदौस मास्टर और इमरान मोहम्मद अली कुरैशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत उस समय दर्ज की गई जब एक समाचार चैनल ने कथित तौर पर फरवरी के मध्य में आयोजित भेड़ों की इस लड़ाई का वीडियो प्रसारित किया।
वीडियो में ‘रॉकी’ और ‘चमकीला’ नामक भेड़ों को लोगों के मनोरंजन के लिए जबरन लड़ाते हुए दिखाया गया है। इस लड़ाई में विजेता टीम के लिए एक लाख रुपये का नकद इनाम रखा गया था। लड़ाई के दौरान ‘रॉकी’ के गिरने और उसकी मौत होने की बात सामने आई है।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और जीवित बचे भेड़ को ढूंढकर कब्जे में लेने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन

Facebook


