पुणे में वारकरियों की शोभायात्रा में ट्रक के घुसने से तीन महिलाओं की मौत, चार अन्य घायल
पुणे में वारकरियों की शोभायात्रा में ट्रक के घुसने से तीन महिलाओं की मौत, चार अन्य घायल
पुणे, 13 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमवार को वारकरी समुदाय की ‘वारी’ शोभायात्रा के साथ चल रहे एक ट्रक ने वारकरियों (भगवान विट्ठल के भक्तों) को टक्कर मार दी जिससे तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
शुरुआती जांच से पता चला है कि 70 वर्षीय ट्रक चालक ने कथित तौर पर किसी दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करते समय बाईं ओर गाड़ी मोड़ दी और महिलाओं को कुचल दिया। ट्रक चालक बीमार थे और उन्होंने बुखार-सर्दी जुकाम की दवा ली थी।
अधिकारियों ने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे जेजुरी की ओर जाने वाले मार्ग पर बेलसर टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर दूर एक होटल के पास हुआ। यह जगह मुख्य ‘पालखी’ (पालकी) शोभायात्रा से 12 किलोमीटर आगे थी।
राज्यभर से वारकरी हर साल ‘वारी’ तीर्थयात्रा पर सोलापुर जिले के पंढरपुर शहर जाते हैं जहां वे आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर भगवान विठ्ठल के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। इस वर्ष आषाढ़ी एकादशी 25 जुलाई को मनाई जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, यातायात की सुगम आवाजाही के लिए सड़क को बीच में डिवाइडर लगाकर यातायात की व्यवस्था की गई थी; दाईं तरफ का रास्ता शोभायात्रा में शामिल गाड़ियों के लिए और बाईं तरफ का मार्ग पैदलयात्रियों के लिए तय किया गया था। हालांकि, कुछ वारकरी बीच-बीच में गाड़ियों वाली लेन में भी चल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक (पुणे ग्रामीण) संदीप सिंह गिल ने बताया, ‘‘नांदेड़ जिले के लोहा के रंगनाथ महाराज पोखरबिसिकर की डिंडी (तीर्थयात्रियों का समूह) का एक ट्रक वाहनों के लिए तय लेन से जेजुरी की ओर जा रहा था तभी उसने सांगली जिले के कसबे डिग्रज की एक डिंडी की सात महिला वारकरियों को टक्कर मार दी।’’
शुरुआती जांच से पता चला है कि 70 वर्षीय ट्रक चालक की तबीयत ठीक नहीं थी और उन्होंने बुखार और सर्दी-जुकाम की दवा ली थी। उन्होंने बताया कि किसी दूसरी गाड़ी से आगे निकलने की कोशिश में उसने ट्रक को बाईं ओर मोड़ा और महिलाओं को कुचल दिया।
इस हादसे में सांगली जिले के मिरज तालुका की रहने वाली नंदा पवार (60), माधवी राजाराम सलगारे (55) और राजश्री शंकर भोसले (55) की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घायल चार महिलाओं को इलाज के लिए जेजुरी के एक अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई तथा यातायात प्रबंधन और अन्य कानूनी औपचारिकताओं की निगरानी की।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है जिसमें चालक की चिकित्सकीय स्थिति और अन्य संबंधित कारक भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में घायल महिला वारकरियों से भी मुलाकात की।
उन्होंने प्रशासन को घायलों को हर संभव मदद और इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए तथा मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने दुर्घटना की गहन जांच की मांग की।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जेजुरी के पास ‘डिंडी’ में शामिल तीन वारकरियों की गाड़ी से टक्कर के कारण मौत अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। इस हादसे में कई अन्य श्रद्धालु भी घायल हुए हैं और मैं भगवान विट्ठल से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि हादसा कैसे हुआ, इसका पता लगाने के लिए गहन जांच होनी चाहिए। प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने चाहिए कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं हों और वारकरियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
भाषा सुरभि नरेश रंजन
रंजन

Facebook


