नागपुर में 10 रुपये के विवाद में चाय वाले ने श्रमिक को मार डाला

नागपुर में 10 रुपये के विवाद में चाय वाले ने श्रमिक को मार डाला

नागपुर में 10 रुपये के विवाद में चाय वाले ने श्रमिक को मार डाला
Modified Date: July 13, 2026 / 12:10 am IST
Published Date: July 13, 2026 12:10 am IST

नागपुर, 12 जुलाई (भाषा) नागपुर के कपिलनगर इलाके में रविवार को एक चाय वाले ने महज 10 रुपये के लिए हुए विवाद में 45 वर्षीय एक श्रमिक की कथित तौर पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे की है। उस समय कर्मचारी मैदान में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यक्रम के लिए बनाए गए मंच को हटाने का काम शुरू ही कर रहे थे।

मनोज विश्वनाथ यादव कार्यक्रम में शामिल होने के बाद एक चाय की दुकान पर गया।

पुलिस के अनुसार, चाय विक्रेता कैलाश लालचंद गनवीर (42) ने चाय और तंबाकू के 10 रुपये मांगे, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान यादव ने कथित तौर पर गनवीर को उसकी पत्नी के सामने थप्पड़ मार दिया, जिससे वह भड़क गया।

पुलिस ने बताया कि गनवीर ने कथित तौर पर दुकान से चाकू उठाया और मनोज की गर्दन पर वार कर दिया। उसे मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भाषा खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में